
जबलपुर। रांझी थाना अंतर्गत मानेगांव स्थित बड़ी माई मंदिर में भंडारे के दौरान बदमाशों ने युवक और उसके भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बड़ी माई मंदिर मानेगांव निवासी संतोष कोल (25) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात करीब 8:30 बजे वह मोहल्ले के शुभम, करन और चिन्टू के साथ मंदिर में आयोजित भंडारे के कार्यक्रम में सेवा दे रहा था। इसी दौरान क्षेत्र का बदमाश समीर वंशकार अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां धमक पड़ा।
आरोपियों ने संतोष को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग की। जब संतोष ने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया, तो तीनों आरोपी आपा खो बैठे और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच समीर वंशकार ने कमर से चाकू निकालकर संतोष पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में संतोष के हाथ और बाईं आंख के ऊपर गहरे जख्म आए हैं।
भाई को पिटता देख जब शुभम कोल उसे बचाने दौड़ा, तो हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे शुभम के हाथ में भी चाकू लग गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अगली बार जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
