
सिंगरौली। नगर पालिका निगम की आयुक्त सविता प्रधान ने शहर के सभी करदाताओं से अपील की है कि वे वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले 31 मार्च तक अपने संपत्ति कर, जल प्रभार एवं अन्य उपभोक्ता शुल्क का भुगतान कर विशेष छूट का लाभ उठाएं।
ननि आयुक्त ने बताया कि समय सीमा के भीतर कर जमा करने वाले नागरिकों को अधिभार में राहत दी जा रही है, जिससे करदाताओं को आर्थिक लाभ मिलेगा और साथ ही वे अनावश्यक दंड एवं कानूनी कार्रवाई से भी बच सकेंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा कर भुगतान की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे नागरिक घर बैठे ही वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से भुगतान कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि नगर विकास कार्यों को गति देने और शहर की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए समय पर कर भुगतान बेहद आवश्यक है। करदाताओं की सुविधा के लिए व्हाट्सएप हेल्पलाइन और ई-नगर पालिका पोर्टल भी सक्रिय है, जहां से जानकारी और सहायता प्राप्त की जा सकती है। आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द कर जमा कर शहर के विकास में सहभागी बनें।
