दो दिन का सर्च ऑपरेशन: जमोनिया तालाब में मिला आर्यन का शव, नर्मदा में डूबे बिहार के दोनों युवकों के शव भी मिले

सीहोर। गत शुक्रवार की दोपहर अपने दोस्तों के साथ जमोनिया तालाब पर नहाने के दौरान डूबे फ्रीगंज मंडी निवासी युवक का शव दो दिन बाद रविवार की सुबह सतह पर आ गया. पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंडी थानातंर्गत फ्रीगंज निवासी 18 वर्षीय युवक आर्यन सूर्यवंशी आ. नरेन्द्र शुक्रवार की दोपहर अपने दोस्तों के साथ बाइक से जमोनिया तालाब नहाने गया था. नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया. यह देख उसके दोस्तों ने घर आकर आर्यन के परिजनों को बताया. इस दौरान सूचना मिलने पर मंडी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी. शुक्रवार की शाम तक पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तालाब में युवक की तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण सर्चिंग ऑपरेशन रोका गया जिसे अगले दिन शनिवार को भी दिन भर चले सर्चिंग ऑपरेशन के बाद भी आर्यन का कोई सुराग नहीं मिला था. गोताखोरों ने तालाब की तलहटी तक छान डाली तो जाल भी फैंका गया, लेकिन आर्यन का पता नहीं चला. रविवार की सुबह एक बार फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. कुछ ही देर में युवक का शव पानी की सतह पर तैरता नजर आया. मंडी पुलिस ने शव को बाहर निकलवाते हुए पीएम के लिए भेजा व मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है.पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. शोकाकुल माहौल में अंतिम संस्कार किया गया.

नर्मदा नदी से भी दोनों युवकों के शव बरामद

उधर, भेरूंदा में शुक्रवार को नर्मदा नदी में सीलकंठ घाट के समीप नाव पलटने से उसमें सवार दो युवक तेज बहाव में बह गए थे. तब से ही उनकी तलाश में टीमों द्वारा अभियान चलाया जा रहा था, लेकिन एसडीआरएफ टीम के गोताखोरों को सफलता नहीं मिल रही थी. रविवार की सुबह एक बार फिर चलाए गए सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान दोनों युवकों लड्डू कुमार और रंजीत दोनों निवासी पूर्णिया (बिहार) को तलाश लिया गया. दोनों युवकों के शवों को नर्मदा से बाहर निकालते हुए पुलिस ने उनका पोस्टमार्टम कराया और उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है.

Next Post

ऐतिहासिक उपलब्धि: ग्वालियर से पढ़ीं निशा मेहता को नेपाल में मिला स्वास्थ्य मंत्रालय का जिम्मा

Sun Mar 29 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश की नर्सिंग शिक्षा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव प्राप्त हुआ है। प्रदेश की पूर्व नर्सिंग छात्रा निशा मेहता को नेपाल में हालिया राजनीतिक बदलाव के बाद वहां की स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्री नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति को न केवल प्रदेश बल्कि वैश्विक नर्सिंग समुदाय के लिए […]

You May Like