तेहरान/बेरूत, 29 मार्च (वार्ता) ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने लेबनान में तीन पत्रकारों की मौत पर गहरी चिंता जताते हुए इसे “सिर्फ मीडिया जगत के लिए बड़ी क्षति ही नहीं, बल्कि वैश्विक चेतना के लिए एक गंभीर चेतावनी” बताया है। रिपोर्ट के अनुसार, जेज़्ज़ीन शहर में एक हवाई हमले में अल मनार टीवी के पत्रकार श्री अली शोएब और अल मयादीन के पत्रकार सुश्री फातिमा और श्री मोहम्मद फेटोनी की मौत हो गई। यह हमला इज़राइल रक्षा बल द्वारा किया गया बताया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में श्री अराघची ने इस हमले को “स्पष्ट रूप से लक्षित हत्या” करार दिया और कहा कि यह “सच्चाई सामने लाने वाली आवाज़ों को खामोश करने की कोशिश” है। उधर इजरायल की सेना ने श्री अली शोएब की मौत की पुष्टि करते हुए दावा किया है कि वह हिज़्बुल्लाह का सदस्य था और पत्रकार के रूप में काम कर रहा था। गौरतलब है कि लेबनान में संघर्ष शुरू होने के बाद यह दूसरी बार है जब इज़राइल पर पत्रकारों को निशाना बनाने के आरोप लगे हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है।

