राघौगढ़:राम जन्मोत्सव के दौरान डीजे बजाने से रोकने और सोशल मीडिया पर डाली गई एक पोस्ट को लेकर पुलिस द्वारा 16 वर्षीय किशोर की बेरहमी से पिटाई का मामला गरमा गया है। इस घटना से आक्रोशित हिंदूवादी संगठनों और सैकड़ों नागरिकों ने राघौगढ़ थाने का लगभग 5 घंटे तक घेराव किया। मामला बढ़ता देख एसडीएम और एसडीओपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा।
क्या है पूरा मामला?
बीती रात श्री राम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही थी। मुख्य मार्ग पर शीतला माता मंदिर के पास श्रद्धालु डीजे के साथ आरती की तैयारी कर रहे थे, जिसे प्रशासन ने रुकवा दिया। इस कार्रवाई से नाराज होकर नीरज सैनी (16 वर्ष) नामक युवक ने इंस्टाग्राम पर एक रील (वीडियो) पोस्ट कर दी।
परिजनों का आरोप है कि इस पोस्ट से नाराज होकर तीन पुलिस आरक्षक नीरज को थाने ले गए और वहां बेल्ट से उसकी बेरहमी से पिटाई की। युवक की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
थाने पर घंटों चला हंगामा, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
जैसे ही किशोर की पिटाई की खबर फैली, बड़ी संख्या में लोग थाने के सामने जमा हो गए और दोषियों पर एफआईआर की मांग को लेकर अड़ गए। भीड़ के गुस्से को देखते हुए एसडीएम अमित सोनी, डिप्टी कलेक्टर और एसडीओपी दीपा डुडवे मौके पर पहुँचे। भाजपा नेता हीरेन्द्र सिंह बन्टी भी समर्थकों के साथ थाने पहुँचे और पुलिस की इस कार्यप्रणाली पर कड़ा ऐतराज जताया।
दो पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
जनाक्रोश को देखते हुए एसडीओपी दीपा डुडवे ने तत्काल प्रभाव से दो आरक्षकों देवेन्द्र नरूका और अजय सिकरवार को लाइन हाजिर कर दिया है। हालांकि, प्रदर्शनकारी तीनों दोषी आरक्षकों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे।
इनका कहना है
16 साल के बच्चे को इतनी बेरहमी से पीटना निंदनीय है। पुलिस प्रशासन ने 2 अप्रैल तक उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। यदि तय समय तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो मैं स्वयं थाने के सामने धरने पर बैठूंगा।
हीरेन्द्र सिंह बन्टी, भाजपा नेता
