सतना:चित्रकूट वन परिक्षेत्र के चौबेपुर वार्ड नंबर 15 में कुत्तों के झुंड ने एक सांभर के बच्चे का शिकार कर लिया। गेहूं के खेत में दौड़ाने के बाद हुए हमले में सांभर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह घटना शनिवार सुबह की है। जब थर पहाड़ के जंगल से भटककर एक मादा सांभर का बच्चा चौबेपुर गांव के खेत में पहुंच गया था।
इसी दौरान कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने सांभर को बचाने का प्रयास किया, जिससे कुत्ते भाग गए। हालांकि, सांभर गंभीर रूप से घायल हो चुका था। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सांभर की मौत हो चुकी थी। वन विभाग ने सांभर के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
