
सीधी। सीधी जिले के विभिन्न भागों से करीब दो महीने से तेज आवाज के साथ फाइटर जेट्स गुजर रहे हैं। कभी-कभी तो थोड़े अंतराल से 2-3 फाइटर जेटस गुजरते हैं। आज सुबह करीब 9:30 बजे सीधी शहर से ही कुछ अंतराल से फाइटर जेट्स गुजरे। काफी कम ऊंचाई पर गुजरने से लोग काफी हैरत में पड़ जाते हैं। यह फाइटर जेट्स सीधी शहर क्षेत्र, भंवरसेन सोन पुल, शिकारगंज क्षेत्र से गुजरने पर स्थानीय लोगों द्वारा इन सैन्य विमानों के वीडियो भी बनाए गए हैं जो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं। यह संभवत: वायुसेना के नियमित युद्घाभ्यास का हिस्सा हो सकता है। लेकिन आधिकारिक पुष्टि के बिना यह चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोग तेज आवाज में गुजरते इन फाइटर जेट्स को देखकर राफेल, तेजस की चर्चा करते हैं। उक्त फाइटर जेट्स की आवाज काफी तेज होने एवं इनकी बनावट अलग होने से लोगों में काफी कौतूहल है।
