नयी दिल्ली, 28 मार्च (वार्ता) विशाखापत्तनम् से शनिवार को दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट में एक इंजन खराब होने के कारण दिल्ली में पूर्ण आपात स्थिति घोषित कर उसकी लैंडिंग करायी गयी। सूत्रों के अनुसार, यह बोइंग बी737-800 विमान (पंजीकरण संख्या टीसी-सीओएन) था। इसमें 161 यात्री सवार थे। विमान की सुबह 10.54 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग हुई। इस दौरान फायर फाइटिंग की टीम, मेडिकल टीम और सुरक्षाकर्मियों की टीम पूरी तरह तैयार थी। यात्रियों को सुरक्षित उतारकर विमान की जांच की जा रही है।
इंडिगो के एक प्रवक्ता ने बताया कि 28 मार्च को उड़ान संख्या 6ई 579 विशाखापत्तनम् से दिल्ली आ रही थी। दिल्ली में उतरने से कुछ समय पहले “तकनीकी खामी” का पता चला। प्रवक्ता ने बताया कि सावधानी बरतते हुए पायलट ने प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग की अनुमति मांगी। उन्होंने बताया कि सभी संबंधित एजेंसियों को घटना की जानकारी दे दी गयी है और विमान की जरूरी जांच की जा रही है।

