सिंगरौली: जिला मुख्यालय बैढ़न स्थित एकमात्र माता दुर्गा देवी मंदिर में आज चैत्र नवरात्र की नवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही मंदिर में आचार्य शास्त्री राममणि त्रिपाठी ने सभी भक्तों को मंदिर परिसर में विधि विधान पूर्वक पूजन अर्चन कराते नजर आए और यह सिल सिला करीब दोपहर तक दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंचे।
नवमी के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में करीब दो दर्जन कन्याओं का पूजन किया गया। श्रद्धालुओं द्वारा विधि-विधान से कन्या पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया और उपहार भी भेंट किए गए। इसके बाद मंदिर में सामूहिक रूप से हवन-पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लेकर माता दुर्गा से सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
शाम के समय मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसकी तैयारी सुबह से ही शुरू कर दी गई थी। मंदिर समिति के आशुतोष मिश्रा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी नवमी पर विशेष पूजा, कन्या भोजन और भंडारे का आयोजन किया गया है। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
