वाराणसी, 26 मार्च (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कार्य लगभग 94 प्रतिशत पूरा हो चुका है और इसे साल के अंत तक तैयार करने का लक्ष्य है।
प्रदेश के वित्त मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने गुरुवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बाबतपुर में हवाई अड्डे के विस्तार, नए टर्मिनल भवन के निर्माण, रनवे विस्तार, एप्रन क्षेत्र और संबद्ध कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। खन्ना ने गंजारी क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण किया और चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने शेष कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कार्य लगभग 94 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसे इसी वर्ष 2026 तक तैयार करने का लक्ष्य है। स्टेडियम में त्रिशूल के आकार की फ्लडलाइट और डमरू/घाटों की थीम पर आधारित पवेलियन को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
यह स्टेडियम लगभग 450 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 30.66 एकड़ क्षेत्र में बनाया जा रहा है, जिसमें 30,000 से 40,000 दर्शकों की बैठने की क्षमता होगी। स्टेडियम में शिव थीम पर आधारित त्रिशूल के आकार की फ्लडलाइट, अत्याधुनिक ड्रेनेज सिस्टम और 14 अंतरराष्ट्रीय मानकों की पिचें तैयार की जा रही हैं। इसमें विश्वस्तरीय मीडिया गैलरी, वीआईपी लाउंज तथा अन्य खेलों के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर ने प्रभारी मंत्री को निर्माण कार्यों सहित अन्य जरूरी बिंदुओं से अवगत कराया। प्रभारी मंत्री ने हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन के ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर का भ्रमण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने मानक और गुणवत्ता बनाए रखते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, एयरपोर्ट निदेशक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
