सीधी:शहर के समीप ग्राम तेंदुआ में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिससे नेशनल हाईवे-39 सीधी-रीवा में दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 2:30 बजे एक बल्कर ने सड़क किनारे खड़ी बस को जोरदार टक्कर मार दी।बताया गया है कि पुरुस्वानी बस क्रमांक MP19 P 7090 मंगलवार से खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी। व्यस्त स्थान होने के बावजूद बस को हटाया नहीं जा सका और वह दो दिन से वहीं खड़ी थी।
इसी दौरान गुरुवार सुबह तेज रफ्तार से आ रही बल्कर क्रमांक MP19 ZP 7762 ने खड़ी बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा और हाईवे पर आवागमन प्रभावित हो गया। घटना के बाद NH-39 के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।सूचना मिलने पर जमोड़ी थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए यातायात बहाल कराने का प्रयास किया।
