शहर की साख पर दाग अब बर्दाश्त नहीं, शराब दुकानों के खिलाफ महिला कांग्रेस का हल्ला बोल

कटनी: शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में खुलेआम शराबखोरी के खिलाफ जिला महिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। जिला अध्यक्ष रजनी वर्मा के नेतृत्व में कलेक्टर को सौंपे गए तीखे ज्ञापन में प्रशासन को सीधे शब्दों में चेतावनी दी गई है कि यदि हालात पर तुरंत लगाम नहीं लगाई गई, तो सड़कों पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।महिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सुभाष चौक, घंटाघर और गर्ग चौराहा जैसे प्रमुख स्थानों पर संचालित शराब दुकानों ने पूरे शहर का माहौल बिगाड़ कर रख दिया है।

दुकानों के बाहर खुलेआम बैठकर शराब पीना, गाली-गलौज, झगड़े और असामाजिक गतिविधियां अब आम बात हो गई हैं, जिससे महिलाओं, छात्राओं और आम नागरिकों का निकलना दूभर हो गया है।ज्ञापन में साफ कहा गया कि मंदिर, कॉलेज और बाजार जैसे संवेदनशील क्षेत्रों के पास शराब दुकानों का संचालन न केवल नियमों की अनदेखी है, बल्कि यह शहर की सुरक्षा और सामाजिक मर्यादा पर सीधा हमला है। हर दिन बढ़ती अव्यवस्था के बावजूद प्रशासन की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए गए हैं।

महिला कांग्रेस ने दो टूक मांग रखी है कि शहर के बीच स्थित सभी शराब दुकानों को तत्काल हटाया जाए और दुकानों के बाहर शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो महिला कांग्रेस सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस संबंध में ज्ञापन की प्रति आबकारी विभाग को भी प्रेषित की गई है। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कटनी शहर जिला अध्यक्ष अमित शुक्ला , ब्लॉक अध्यक्ष राजेश जाटव,सेवादल अध्यक्ष मंगल सिंह, महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष आदिता वर्मा, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कल्पना पाठक, शशि यादव, अभिषेक शिवहरे , मनोज वर्मा, प्रफुल्ल यादव की उपस्थिति रही।

Next Post

दुकान विशेष से किताबें-यूनिफॉर्म खरीदने का दबाव नहीं बना सकेंगे निजी स्कूल

Thu Mar 26 , 2026
कटनी: नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले ही जिला प्रशासन ने निजी स्कूलों की मनमानी पर सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले का कोई भी निजी विद्यालय, विद्यार्थियों या अभिभावकों को किताबें, यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, जूते या अन्य शैक्षणिक सामग्री किसी […]

You May Like