भोपाल। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में महाविद्यालयों को दी जा रही संबद्धता प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर और जिला गैर-तकनीकी प्रमुख आशीष शर्मा ने आरोप लगाया कि कई महाविद्यालयों को बिना उचित निरीक्षण तथा निर्धारित नियमों का पालन किए संबद्धता प्रदान की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पर्याप्त सत्यापन के बिना ही कॉलेज प्रोफाइल को मंजूरी देकर प्रवेश प्रक्रिया शुरू करा दी गई है।
संगठन के अनुसार कई संस्थानों की फाइलें वास्तविक स्थल निरीक्षण के बिना ही स्वीकृत की जा रही हैं, जिससे उच्च शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने मांग की कि विश्वविद्यालय द्वारा एक स्वतंत्र निरीक्षण समिति गठित कर संबंधित महाविद्यालयों का भौतिक सत्यापन कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यपरिषद (ई.सी.) की अनुशंसा के बिना किसी भी कॉलेज को संबद्धता नहीं दी जानी चाहिए।
छात्र संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो विश्वविद्यालय प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।
एनएसयूआई इकाई उपाध्यक्ष अभिषेक द्विवेदी ने कहा कि छात्रों के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
