इंदौर: मध्य प्रदेश के सबसे बड़े महिला चिकित्सालय एमटीएच अस्पताल ने मरीजों की सुविधा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए सराहनीय पहल शुरू की है. अब अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिलाओं को उनके बेड पर ही स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उन्हें भोजन के लिए भटकना या बर्तनों की व्यवस्था करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
दरअसल, अस्पताल में प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं रेफर होकर आती हैं.
इनमें से कई आर्थिक रूप से कमजोर होती हैं और अपने साथ बर्तन नहीं ला पातीं, जिससे उन्हें भोजन प्राप्त करने में परेशानी होती थी. इस समस्या को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने बेड-टू-बेड थाली सेवा शुरू की है. नई व्यवस्था के तहत कर्मचारी प्रत्येक वार्ड में जाकर मरीजों को उनके बेड पर ही भोजन परोस रहे हैं. अस्पताल की ओर से पूरी तरह साफ-सुथरी और स्वच्छ थाली में पौष्टिक भोजन दिया जा रहा है. इसमें स्वच्छता के साथ पोषण का भी ध्यान रखा जा रहा है.
इस पूरी व्यवस्था की निगरानी अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनुपमा दवे द्वारा की जा रही है, ताकि गुणवत्ता और स्वच्छता में किसी प्रकार की कमी न हो. डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने बताया कि मरीजों को केवल उपचार ही नहीं, बल्कि गरिमापूर्ण वातावरण देना भी संस्थान का उद्देश्य है. इसी सोच के साथ यह पहल शुरू की गई है, जिससे गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वच्छ भोजन मिल सके. एमटीएच अस्पताल प्रदेशभर से आने वाले जटिल प्रसव मामलों का प्रमुख केंद्र है.
