
आमला। लगभग तीन वर्ष पहले लादी सारणी सड़क के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने वनग्राम लादी के समीप भूमिपूजन किया था। भूमिपूजन करवाकर पी.डब्लू.डी. भूल गया। सड़क का निर्माण अधर में लटक गया। ग्रामीण आवेदन निवेदन करते रहे, जिला मुख्यालय पर भी गुहार लगाई पर नतीजा सिफर निकला। आज शुक्रवार ग्रामीणों के सब्र का बांध फूट गया और 5 सैकड़ा से अधिक ग्रामीण सड़क पर आ गए। आमला बोरदेही मार्ग जाम कर दिया गया, वाहनों के पहिए थम गए। एक दर्जन से अधिक ग्रामों के ग्रामीण ग्राम रतेड़ाकला के समीप सड़क पर बैठकर शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। प्रशासन हरकत में आया, एस.डी.एम. सहित आला अधिकारी मौके पर पंहुचे। ग्रामीणों को समझाया गया, प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच लंबी चर्चा हुई आश्वासन दिए गए, निर्माण से जुड़े कागज पत्तर दिखाए गए उसके बाद प्रदर्शनकारी मार्ग से हटे और वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम रतेड़ाकला लादी भाण्डावाड़ी, बिच्छुखान, राशिढाना, देवपिपरिया, जमदेहीखुर्द, सुरनादेही, कुण्डारा सहित एक दर्जन से अधिक ग्रामों के ग्रामीणों ने आज प्रशासन की मुश्किले बढ़ा दी थी।
दो घंटे सड़क पर डटे रहे ग्रामीण
अपनी मांग को लेकर ग्रामीण काफी आक्रोशित थे। मजदूर काम पर नही गए थे किसान भी आज खेत से दूर थे। महिलाए भी घर का काम छोड़कर सड़क पर आ गई। सुबह 10 बजे सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर बैठ गए। लगभग दो ढाई घंटे ग्रामीण सड़क पर ही डटे रहे, पुलिस बल के लाख प्रयास करने के बाद भी ग्रामीण टस से मस नही हुए।
इन्होने संभाला मोर्चा
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करने वालों में ग्राम पंचायत लादी के सरपंच राजु सिलू, जितेन्द्र शर्मा, सरपंच पार्वती ज्ञानसिंह धुर्वे, दिनेश यादव, अर्जुन उइके, सरपंच सुखराम उइके, इमरत उइके, मनीराम कुमरे, दिलबर उइके, ओझा महाजन, कमल धुर्वे, जयपाल यादव, विजय पारधी अशोक इवने, आदि ने मोर्चा संभाला और क्षेत्र की मांगो को प्रशासन तक पंहुचाया।
प्रशासन ने दिया आश्वासन
एस.डी.एम. शैलेन्द्र बडोनिया, तहसीलदार शत्रुघ्न चौहान, नायब तहसीलदार रीचा कौरव, वनपरिेक्षत्र अधिकारी नानकराम कुशवाह, लोक निर्माण विभाग के एस.डी.ओ., उपयंत्री, थानाप्रभारी मुकेश ठाकुर, ने मौके पर पंहुचकर प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और सड़क निर्माण की मांग को जल्द से जल्द पूरा करवाने का आश्वासन दिया।
