क्राइम ब्रांच ने 60 लाख के 251 गुम मोबाइल लौटाए

इंदौर: पुलिस की सिटीजन कॉप एप्लीकेशन आमजन के लिए कारगर साबित हो रही है. क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने एप पर दर्ज शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 60 लाख रुपए कीमत के 251 गुम मोबाइल फोन बरामद कर संबंधित आवेदकों के सुपुर्द किए हैं. इस सफलता से ऑनलाइन शिकायत प्रणाली के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है.पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत वर्ष 2025-26 में प्राप्त शिकायतों का निराकरण किया गया.

बरामद मोबाइल इंदौर सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों से ट्रेस किए गए हैं. इनमें वन प्लस, सैमसंग, रेडमी, वीवो, ओप्पो, रियलमी जैसी कंपनियों के महंगे स्मार्टफोन और आईफोन शामिल हैं. डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि अलग-अलग स्थानों से विभिन्न ब्रांड के 251 हैंडसेट बरामद किए गए हैं. साइबर सेल टीम ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए देशभर में एक्टिव इन मोबाइलों को ट्रेस कर बरामदगी की कार्रवाई की.

ज्ञात हो, सिटीजन कॉप एप के माध्यम से आमजन घर बैठे गुम या चोरी हुए मोबाइल की शिकायत दर्ज कर सकते हैं. रिपोर्ट लॉस्ट आर्टिकल फीचर के जरिए शिकायत करने पर आवेदक को ऑनलाइन रसीद और कंप्लेंट नंबर मिलता है, जिसका उपयोग सिम ब्लॉक या नई सिम लेने में किया जा सकता है. इससे थाने के चक्कर लगाने की आवश्यकता भी खत्म हुई है. जिन मामलों में मोबाइल स्विच ऑफ हो जाता है या उपयोग में नहीं आता, उन्हें ट्रेस करना कठिन हो जाता है. बावजूद इसके, लगातार तकनीकी प्रयासों से बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद किए जा रहे हैं.

पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे जरूरत पड़ने पर सिटीजन कॉप एप का अधिक से अधिक उपयोग करें और किसी भी आपराधिक गतिविधि या गुम/चोरी की घटना की जानकारी ऑनलाइन माध्यम से दें. इससे तुरंत कार्रवाई में मदद मिलेगी और समय की भी बचत होगी.

Next Post

दीवानगंज के पास ट्रेन से गिरकर युवक की मौत

Thu Mar 26 , 2026
सलामतपुर:दीवानगंज के पास एक दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान रवि ओझा निवासी इटावा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने युवक के पास मिले बैग और मोबाइल के आधार पर उसकी पहचान की थी।घटना के समय परिजन […]

You May Like