बैतूल। भैंसदेही पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करते हुए मोटर साईकिल चोरी के मामले का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे एवं निशानदेही से कुल 10 मोटर साईकिल (कीमत लगभग 05 लाख 30 हजार रुपये) बरामद की हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24-25 मार्च की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति चोरी की मोटर साईकिल से भीकुंड रोड पर घूम रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति को मोटर साईकिल सहित पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अजल उर्फ शेख अरसद पिता शेख इकबाल (22 वर्ष) निवासी ग्राम बैरागढ़ थाना धारणी (महाराष्ट्र), हाल भैंसदेही बताया। आरोपी के कब्जे से बरामद मोटर साइकिल चोरी की पाई गई, जिसे उसने महाराष्ट्र के बैरागढ़ क्षेत्र से गोलू उर्फ अनिल नामक व्यक्ति से लेना बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अन्य चोरी की मोटर साईकिल गुपतवाड़ा के जंगल में छिपाकर रखना स्वीकार किया। पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर कुल 9 अन्य मोटर सायकल बरामद की गईं। पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध धारा 35(1)(ई) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। वहीं फरार आरोपी गोलू उर्फ अनिल की तलाश जारी है। इस कार्रवाही में राजेश सातनकर (थाना प्रभारी), उपनिरीक्षक आशीष कुमरे, उपनिरीक्षक प्रीति पाटिल, प्रधान आरक्षक पंजाब परते, परसराम लोखंडे, आरक्षक मनोज इवणे, तनवीर, नरेन्द्र ढोके, नारायण, सुनील, एनआरएस अलकेश बाथरी, गौरख, राहुल का विशेष योगदान रहा।
