
जबलपुर। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर भंवरताल गार्डन में स्वच्छता और जागरूकता का एक अनूठा संगम देखने को मिला। नगर निगम जबलपुर द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शहर के प्रथम नागरिक एवं सेवक महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, एम.आई.सी. सदस्य अंशुल राघवेंद्र यादव और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार की गरिमामयी उपस्थिति में पतंगबाजी के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि पारंपरिक पतंगबाजी को वेस्ट सेग्रिगेशन (कचरा पृथक्करण) से जोड़ा गया। आकाश में लहराती पाँच अलग-अलग रंगों की पतंगों ने नागरिकों को यह समझाया कि अब कचरा केवल दो नहीं, बल्कि पाँच श्रेणियों में बाँटना आवश्यक है, जिसमें हरा मतलब गीला कचरा, नीला मतलब सूखा कचरा, पीला मतलब सेनेटरी कचरा, काला मतलब घरेलू हानिकारक कचरा, लाल मतलब इलेक्ट्रॉनिक कचरा। इस अवसर पर स्वच्छता के ब्रांड एम्बेस्डर अराध्या तिवारी और श्रेया खंडेलवाल की भी विशेष रूप से रही उपस्थिति। दोनो ब्रांड एम्बेस्डरों ने भी बच्चों के बीच जाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
महापौर-निगमायुक्त ने भी उड़ाई पतंग
इस मौके पर स्वदेशी पतंगों का उपयोग कर महापौर , निगमाध्यक्ष ने पार्क में खेल रहे बच्चों के बीच पतंगबाजी की और एक दूसरे को लड्डू खिलाकर मकर संक्रांति का आनंद उठाया। इस मौके पर स्वच्छता की शपथ लेकर सभी ने संस्कारधानी को स्वच्छताधानी भी बनाने का भी संकल्प लिया। इस मौके पर अपर आयुक्त अरविन्द शाह, देवेन्द्र सिंह चौहान, मनोज श्रीवास्तव, अंजू सिंह ठाकुर, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची, अंकिता जैन, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन, सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा, के साथ बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
