
बीना। विधानसभा की विधायक एड. निर्मला सप्रे आज ग्राम आगासोद पहुंचीं, जहां उन्होंने 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मंगल भवन का भूमिपूजन किया। इसी अवसर पर उन्होंने संकल्प सिद्धि कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। इस कार्यक्रम के अंतर्गत विधायक गांव-गांव जाकर विकास कार्यों के भूमिपूजन करेंगी और साथ ही जनसुनवाई भी आयोजित करेंगी, ताकि लोगों की समस्याओं का सीधा समाधान हो सके।
कुछ दिनों पहले ही विधायक द्वारा अपने दो वर्ष के कार्यकाल की पूर्णता पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें उन्होंने क्षेत्र के 300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भरोसेमंद विवरण देकर जनता को अवगत कराया था। अब उन सभी कार्यों का क्रमशः भूमिपूजन और क्रियान्वयन शुरू हो रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति और तेज होती दिखाई दे रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें संजय ठाकुर, राजेंद्र सिंह, नवीन चंदेल, शिवेंद्र चंदेल, पप्पू आदिवासी, पप्पू सेन, गोविन्द सिंह हिंन्नोद, राजेंद्र यादव, अजय पटेल, गौरीशंकर राय, रतन यादव, रतिराम पटेल, दिनेश अहिरवार और जीतेन्द्र ठाकुर शामिल थे। सभी ने कहा कि वर्षों से लंबित कार्य अब पूरे हो रहे हैं और विकास की नई राह दिखाई दे रही है।
रतन यादव ने कहा कि विधायक जी के कार्यकाल में ऐतिहासिक विकास की गंगा बह रही है और गांव में परिवर्तन स्पष्ट दिख रहा है। वहीं गौरीशंकर राय ने कहा कि निर्मला सप्रे जी का विधायक कार्यकाल बीना विधानसभा के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जायेगा, क्योंकि उनका काम जनता के बीच बोल रहा है।
विधायक एड. निर्मला सप्रे ने कहा कि विकास कार्यों में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। गुणवत्तापूर्ण निर्माण, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य पूरा करना प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे अपनी समस्याएं और सुझाव निःसंकोच बताएं, हर गांव में सुनवाई होगी और समाधान भी। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने विधायक के नेतृत्व में निरंतर विकास की कामना की।
