
आमला। आमला थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकबजनी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि चोरी की घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति फरियादी का रिश्तेदार ही निकला।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, नगदी और बैंक खाते में जमा राशि सहित कुल 20 लाख 85 हजार 200 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत आमला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी मुलताई शिवकुमार सिंह के मार्गदर्शन में गठित टीम द्वारा संदेही महेन्द्र उर्फ रंजीत देवड़े (32) निवासी इंदौर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 9-10 मार्च की दरम्यानी रात फरियादी ओमकार टिकारे के घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर आरोपी अंदर घुसा और आलमारी तथा पलंग पेटी में रखे सोने-चांदी के जेवरात सहित 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इस संबंध में थाना आमला में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी फरियादी का रिश्तेदार है और आर्थिक तंगी तथा कर्ज के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने चोरी किए गए जेवरात को इंदौर की एक गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर करीब आठ लाख रुपये का ऋण लिया था, जिसमें से लगभग 4.57 लाख रुपये उसने अपने बैंक कर्ज चुकाने में खर्च कर दिए, जबकि शेष राशि उसके खाते में पाई गई, जिसे पुलिस ने फ्रीज कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 12.28 लाख रुपये के सोने के जेवर, 1.01 लाख रुपये के चांदी के जेवर, 4.57 लाख रुपये नकद और 2.98 लाख रुपये बैंक खाते में फ्रीज कर कुल 20.85 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविकांत डेहरिया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे अपने घरों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
