
भोपाल।पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह 26 मार्च को अयोध्या जाकर रामलला और हनुमान गढ़ी के दर्शन करेंगे। राम मंदिर निर्माण के बाद यह उनका पहला अयोध्या दौरा होगा।
उन्होंने मंदिर निर्माण के दौरान संकल्प लिया था कि प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर पूर्ण होने के बाद ही वे दर्शन के लिए जाएंगे। अब मंदिर का मुख्य निर्माण कार्य पूर्णता की ओर होने के साथ वे अपना संकल्प पूरा करने जा रहे हैं।
दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर निर्माण के लिए एक लाख 11 हजार 111 रुपए की निधि समर्पित की थी। उन्होंने स्वयं को राम भक्त बताते हुए हमेशा कहा है कि वे आस्था और राजनीति को अलग रखते हैं।
उनके कार्यक्रम के अनुसार वे 26 मार्च को सुबह दिल्ली से विमान द्वारा रवाना होकर अयोध्या पहुंचेंगे। वहां श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद वे सड़क मार्ग से लखनऊ जाएंगे और शाम तक पुनः दिल्ली लौटेंगे।
हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किए और श्री राम यंत्र की स्थापना की। मंदिर निर्माण समिति के अनुसार मुख्य मंदिर का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और शेष औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जा रही हैं।
