बैतूल: तिरमहू गांव में आज शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया।खेतों के पास से गुजर रही बिजली लाइन में हुई स्पार्किंग से अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते लगभग 5 एकड़ में खड़ी गेहूं और गन्ने की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में किसानों को करीब 5 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के खेत भी इसकी चपेट में आ गए। प्रभावित किसानों में किस्मत सारटकर, राजेंद्र सारटकर और जगवत शामिल हैं, जिनकी फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सभी लोग आग बुझाने में जुट गए।
किसानों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे से अधिक समय तक मौके पर नहीं पहुंची। मजबूरन ग्रामीणों को ही पानी और उपलब्ध संसाधनों के सहारे आग पर काबू पाने का प्रयास करना पड़ा। बताया गया कि आग बुझने के बाद मुलताई से फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची।ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि बिजली लाइनों की नियमित देखरेख नहीं होने से स्पार्किंग की घटनाएं बढ़ रही हैं। घटना के दौरान अधिकारियों को फोन किए गए, लेकिन कॉल रिसीव नहीं किए गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।इस घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से आमला क्षेत्र में स्थायी रूप से कम से कम दो फायर ब्रिगेड वाहन तैनात करने की मांग की है। साथ ही पंचायत स्तर पर भी आग बुझाने के संसाधन उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई गई है।
