इंदौर/महू:पातालपानी रेप केस से जुड़ी पुलिस कार्रवाई के विरोध में सोमवार को महू के इंदौर रोड स्थित किशनगंज रेलवे ओवरब्रिज पर ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया. करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा.प्रदर्शन में पाटीदार समाज, हिंदू जागरण मंच, बजरंग दल और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. सभी सड़क पर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए विरोध जताया. मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम लगातार समझाइश देती रही, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे.
विरोध का कारण बड़गोंदा थाना क्षेत्र के पातालपानी में सामने आए दुष्कर्म मामले से जुड़ा है. इस मामले में आरोपी डॉ. सईद खान के आम्बाचंदन स्थित घर में आगजनी के आरोप में कोतवाली पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और तीन को गिरफ्तार किया है. ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने बिना पर्याप्त जांच के एकतरफा कार्रवाई की है. प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तार लोगों की रिहाई और निष्पक्ष जांच की मांग की. करीब साढ़े तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद शाम करीब 5.30 बजे विधायक उषा ठाकुर मौके पर पहुंचीं और मामले में दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका.
फर्जी डिग्री वाला निकला आरोपी डॉक्टर
पातालपानी क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के सनसनीखेज मामले में नया खुलासा हुआ है. आरोपी डॉ. सईद खान की डिग्री भी संदिग्ध पाई गई है और उसे एलोपैथी इलाज तो दूर, इंजेक्शन लगाने की भी अनुमति नहीं थी. जांच में सामने आया कि आरोपी बीईएमएस डिग्रीधारी है, जबकि उसने क्लिनिक में एलोपैथी पद्धति से इलाज करते हुए युवती को नशीला इंजेक्शन दिया और बेहोश कर शोषण किया. हाल ही में आरोपी ने युवती को पातालपानी के एक रिसोर्ट में बुलाया, जहां सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों के लोग पहुंच गए और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था, पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
पात्रता की कर रहे जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की डिग्री और चिकित्सकीय पात्रता की विस्तृत जांच कराई जा रही है, वहीं स्वास्थ्य विभाग में भी शिकायत दर्ज कर आगे की कार्रवाई की तैयारी है.
