जबलपुर: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में आगामी कर्मचारी संघ के चुनाव को लेकर माहौल गर्म होता जा रहा है। अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतरे तीनों गुटों की टोली लगातार प्रचार-प्रसार में जुटी है। रविवार को भी तीनों प्रत्याशियों की वोटिंग टोलियों ने विश्वविद्यालय के कर्मचारियों के घर जाकर उन्हें मतदान में सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। लगातार छुट्टियों के कारण विश्वविद्यालय में पहले प्रचार की गतिविधियां धीमी रही थीं, लेकिन अब चुनाव के नजदीक आते ही विश्वविद्यालय में दो दिनों तक चुनावी गतिविधियों का जोरदार माहौल देखने को मिलेगा। उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय में कर्मचारी संघ का चुनाव 25 मार्च को आयोजित होगा, जिसको लेकर प्रत्याशी अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं।
इतने दावेदार मैदान में उतरे
जानकारी के अनुसार कर्मचारी संघ अध्यक्ष के लिए तीन दावेदार मैदान में उतर चुके हैं। इनमें प्रेम प्रकाश पुरोहित, संजय यादव और वीरेंद्र सिंह पटेल शामिल हैं। चुनाव प्रक्रिया के समय नाम वापसी के बाद विभिन्न पदों के लिए अब तीन-तीन दावेदार मैदान में है। जिसमें उपाध्यक्ष के लिए दो पदों में चुनाव है जिसको लेकर 6 प्रत्याशी मैदान में है। वहीं एक महासचिव पद के लिए तीन उम्मीदवार, एक संयुक्त सचिव के लिए तीन उम्मीदवार, एक कोषाध्यक्ष पद के लिए भी तीन उम्मीदवार तो वहीं कार्यकारिणी सदस्य के पांच पदों पर 15 उम्मीदवार मैदान में उतरे हुए हैं। देखा जाए तो प्रत्येक पद पर तीन-तीन उम्मीदवार अपने दावेदारी ठोक रहे हैं।
