हाइवे पर दो बड़े हादसे: रोड रोलर में घुसा स्क्रैप ट्राला, बस डंपर से टकराई; कई घायल

इंदौर:उज्जैन हाइवे पर रविवार को अलग अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में कई लोग घायल हो गए. पहला हादसा धरमपुरी के पास सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुआ, जहां उज्जैन से स्क्रैप भरकर इंदौर आ रहा ट्राला पीछे से रोड रोलर में जा घुसा. वहीं दूसरा हादसा नावदा पंथ क्षेत्र के गधा टेकरी के पास हुआ, जहां इंदौर से उज्जैन जा रही यात्री बस आगे चल रहे डंपर से टकरा गई.

धरमपुरी के पास साईं विहार कॉलोनी के सामने सड़क निर्माण कार्य चल रहा था. भवानी नगर निवासी पिता-पुत्र स्क्रैप से भरा ट्राला लेकर उज्जैन से इंदौर आ रहे थे. इसी दौरान ट्राला आगे चल रहे रोड रोलर में पीछे से जा घुसा। हादसे में ट्राले का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर व क्लीनर घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी और रोड रोलर के पीछे चेतावनी लाइट नहीं जल रही थी, जिससे चालक को रोलर समय पर दिखाई नहीं दिया.

वहीं चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि गधा टेकरी के पास बस के डंपर से टकराने की घटना में घायलों को अस्पताल भेजा है. नावदा पंथ क्षेत्र में गधा टेकरी के पास इंदौर से उज्जैन जा रही यात्री बस पीछे से डंपर से टकरा गई. हादसे में बस में सवार प्रकाश, शोभा, भूपेंद्र, रितू, दिलीप, घनश्याम नाथ और दिनेश सहित कई यात्री घायल हो गए. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एमवाय अस्पताल भेजा. बस चालक ने पुलिस को बताया कि बस के ब्रेक नहीं लगने के कारण वह डंपर से टकरा गई.
मामले में एडीशनल डीसीपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि दोनों हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया. पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

Next Post

दमोह में होगा अखिल भारतीय प्रतिभा सम्मान समारोह, डॉ. बृजेन्द्र असाटी बने मुख्य संयोजक

Sun Jun 28 , 2026
दमोह: अखिल भारतीय असाटी वैश्य समाज महासभा के तत्वावधान व असाटी समाज समिति, दमोह के संयोजन में आगामी 26 जुलाई 2026 दिन रविवार को अखिल भारतीय प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन दमोह में किया जाएगा.समारोह की रूपरेखा तय करने हेतु शनिवार शाम असाटी संस्कार भवन दमोह में समाज की […]

You May Like