ग्वालियर:ग्वालियर के रामलीला मैदान सेक्टर-सी, दीनदयाल नगर में इन दिनों कृष्णभक्ति की अलौकिक छटा बिखरी हुई है। श्याम सगाई एवं माखन चोरी के दिव्य मंचन ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया जिससे सम्पूर्ण परिसर में श्रद्धा और भक्ति का दिव्य वातावरण निर्मित हो गया |श्याम सगाई की लीला के दौरान राधा-कृष्ण के दिव्य मिलन और उनके पावन प्रेम का अत्यंत भावपूर्ण चित्रण किया गया। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को भक्ति और प्रेम के अद्भुत संगम का अनुभव कराया। कलाकारों के सजीव अभिनय ने ऐसा वातावरण निर्मित किया कि पूरा पंडाल राधा-कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।
इसके उपरांत माखन चोरी की लीला का आकर्षक मंचन किया गया, जिसमें नटखट कान्हा की बाल सुलभ चंचलता, गोपियों के साथ हंसी-ठिठोली और माखन चुराने की मनमोहक झलकियों ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया। इस लीला ने यह संदेश दिया कि भगवान श्रीकृष्ण अपने सहज और प्रेममय रूप से भक्तों के जीवन में आनंद भर देते हैं।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक बालकिशन साहू, अध्यक्ष रणविजय सिंह कुशवाह, उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह घुरैया, सचिव डॉक्टर सुनील सिंह तोमर, कोषाध्यक्ष नरेंद्र साहू, सह सचिव सुरेंद्र कांकर, राजीव कोठरी, अनिल श्रीवास, भारत परिहार सहित नवदुर्गा श्री रामलीला सेवा समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
