जबलपुर: जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को काइम ब्रांच की सूचना पर मुकादमगंज स्थित शारदा गृह उद्योग का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे ने बताया कि जांच के दौरान पैक किए जा रहे खड़े गरम मसाले में खसखस की जगह अन्य दानों, संभवतः राजगिरा और सूजी, की मिलावट पाई गई। इसके अलावा मसाले में संदिग्ध तेजपत्ता, चकफूल और दालचीनी के उपयोग की भी आशंका जताई गई है। मौके से गरम मसाले के नमूने एकत्र कर लिए गए और लगभग 80 किलोग्राम सामग्री जब्त की गई।
नमूने जांच के लिए भेजे भोपाल
अधिकारियों के अनुसार सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ काइम ब्रांच के पुलिस उप-निरीक्षक संतोष पाण्डेय और हेड कांस्टेबल आनंद तिवारी भी मौजूद रहे।
