हेलसिंकी, 19 मार्च (वार्ता) फिनलैंड ने लगातार नौवीं बार दुनिया के खुशहाल देशों की सूची में शीर्ष पर जगह बनायी है।
फिनलैंड ने वर्ल्ड ब्रांड इंडेक्स में भी अपनी स्थिति बेहतर की है और 7वें स्थान से ऊपर उठकर 5वें स्थान पर पहुँच गया है। राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने इस उपलब्धि पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वैश्विक खुशी रैंकिंग में फिनलैंड के लगातार अच्छे प्रदर्शन के पीछे कोई जादुई फॉर्मूला नहीं है। इसके बजाय उन्होंने देश की मजबूत सामाजिक नींव की ओर इशारा किया।
श्री स्टब के अनुसार फिनलैंड की सफलता कुछ प्रमुख सामाजिक स्तंभों के मेल पर आधारित है, जिनमें कल्याण-आधारित व्यवस्था, एक मजबूत और सुलभ शिक्षा ढाँचा, सुरक्षा की उच्च भावना और प्रकृति के साथ गहरा जुड़ाव शामिल है। उन्होंने फिनिश समाज के लिए स्वतंत्रता, समानता और न्याय जैसे मूल्यों को भी केंद्रीय महत्व का बताया।
उन्होंने कहा, “पूरी तरह से खुशहाल समाज जैसी कोई चीज़ नहीं होती।” उन्होंने कहा कि इसका लक्ष्य ऐसी परिस्थितियाँ बनाना है जो लोगों को सार्थक जीवन जीने, दूसरों का सहयोग करने और समय के साथ बेहतर खुशहाली की ओर बढ़ने में सक्षम बनाएँ। लगातार शीर्ष स्थान पर बने रहने से सामाजिक स्थिरता और जीवन की गुणवत्ता के मामले में एक आदर्श के रूप में फ़िनलैंड की वैश्विक प्रतिष्ठा और मज़बूत हुई है।
