जबलपुर: शहर को स्वच्छता के शिखर पर ले जाने और ‘स्वच्छ सर्वेक्षण’ में नंबर वन बनाने के लिए नगर निगम अब ‘एक्शन मोड’ में आ गया है। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने सफाई ठेकेदारों और निगम के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता अभियान की जमीनी हकीकत को सुधारना और सफाई व्यवस्था में नई ऊर्जा फूंकना रहा।
फील्ड ही असली कार्यस्थल है
बैठक के दौरान निगमायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि अब सभी जिम्मेदार अधिकारी और सफाई ठेकेदार प्रतिदिन सुबह 6 बजे से ही फील्ड में मौजूद रहेंगे। अहिरवार ने जोर देते हुए कहा अगर हमें अपने शहर को वाकई स्वच्छ बनाना है, तो हमें सूर्योदय के साथ मैदान में उतरना होगा। जब अधिकारी खुद जमीन पर खड़े होकर निगरानी करेंगे, तभी व्यवस्था में सुधार दिखेगा।
उन्होंने बताया कि सुबह 6 बजे से सफाई कार्य शुरू करना अनिवार्य है ।बैठक में कचरा संग्रहण वाहनों (डोर-टू-डोर) की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने भी निर्देश दिए।
शहर के प्रति समर्पण का आह्वान
निगमायुक्त ने ठेकेदारों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफाई की सफाई के लिए समर्पण जरूरी है, आप सभी लोग शहर को अपना शहर मानकर व्यवस्था में सुधार लाएं। बैठक में निगमायुक्त के साथ अपर आयुक्त अरविंद शाह, देवेंद्र सिंह चौहान, उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन, सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी और सफाई ठेकेदार उपस्थित रहे।
