इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक ट्रांसपोर्टर के बैंक खाते से संदिग्ध लिंक पर क्लिक करते ही 3.94 लाख रुपये पार हो गए. पीड़ित ने किसी को ओटीपी साझा नहीं किया, इसके बावजूद खाते से लगातार ट्रांजेक्शन होते रहे.थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि निपानिया में रहने वाले संतोष कुमार गर्ग के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया था.
मैसेज में दिए गए लिंक को ओपन करते ही उनके खाते से 3,94,680 रुपए कट गए. ट्रांजेक्शन के मैसेज आते ही उन्होंने तत्काल बैंक को सूचना देकर खाता फ्रीज कराया और थाने में शिकायत दर्ज कराई. मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर मोबाइल नंबर व बैंक खातों की डिटेल खंगालना शुरू कर दिया है. प्रारंभिक जांच में लिंक के जरिए फिशिंग या मालवेयर के जरिए ठगी की आशंका जताई जा रही है.
