हैदराबाद, लोकप्रिय रियलिटी शो ‘लॉक-अप सीजन 2’ के लेटेस्ट प्रोमो ने दर्शकों के बीच खलबली मचा दी है। शो के भीतर बतौर गेस्ट एंट्री लेते हुए मशहूर अभिनेता गौरव खन्ना सीधे अपनी पत्नी आकांक्षा चमोला के सेल के पास पहुंचे। गौरव को देखते ही आकांक्षा भावुक हो गईं और उनकी आंखों में आंसू छलक आए। इस मुलाकात के दौरान गौरव का अपनी पत्नी से कहना, “बैंड बजा दिया तूने,” सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस ड्रामेटिक एंट्री ने शो के माहौल को पूरी तरह से बदल दिया है।
तलाक की खबरों पर उठे सवाल
गौरव और आकांक्षा के बीच का यह भावुक मिलन देखकर अब उनके प्रशंसकों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या उनके तलाक की खबरें महज एक पब्लिसिटी स्टंट थीं? शो के प्रीमियर के दौरान आकांक्षा ने शादी के नौ साल बाद तलाक और एक साल से अलग रहने का चौंकाने वाला खुलासा किया था। हालांकि, अब प्रोमो में दोनों के बीच की केमिस्ट्री देख ऐसा लग रहा है कि उनके बीच सब ठीक है। क्या यह शो की टीआरपी बढ़ाने के लिए मेकर्स द्वारा रची गई कोई स्क्रिप्टेड कहानी है, यह जल्द ही साफ हो जाएगा।
शो की टीआरपी में उछाल की उम्मीद
गौरव खन्ना की ‘लॉक-अप 2’ में मौजूदगी शो की टीआरपी के लिए एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हो सकती है। जहां दर्शक इस बात को लेकर उत्सुक हैं कि क्या वास्तव में दोनों के रिश्ते में दरार है, वहीं दूसरी ओर आकांक्षा का पहले दिया गया बयान कि उनकी प्राथमिकताएं अब मेल नहीं खातीं, कई संशय पैदा करता है। आने वाले एपिसोड में ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह केवल पब्लिसिटी का हिस्सा है या वास्तव में गौरव और आकांक्षा के निजी जीवन में कुछ गंभीर चल रहा है।

