संयम और सामाजिक मर्यादा से लोधी समाज को करें मजबूत: प्रहलाद सिंह पटेल

भोपाल। पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा है कि लोधी समाज को संयमित जीवन और सामाजिक मर्यादाओं का पालन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने की आवश्यकता है। समाज यदि अनुशासन और संस्कारों को अपनाएगा तो वह राजनीति के साथ-साथ शिक्षा, व्यवसाय और अन्य क्षेत्रों में भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

मंत्री पटेल भोपाल के गुजराती भवन में आयोजित लोधी समाज की समीक्षा बैठक को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से नशे से दूर रहने और देश के सर्वांगीण विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता लोधी समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल ने की। उन्होंने कहा कि भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित राजा हिरदेशाह लोधी की शौर्य यात्रा को सफल बनाने वाले समाज के सभी लोगों का वे आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने बताया कि 28 अप्रैल को राजा हिरदेशाह लोधी की पुण्यतिथि के अवसर पर जंबूरी मैदान में भव्य एवं दिव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजा हिरदेशाह की वीरगाथा को मध्यप्रदेश के पाठ्यक्रम में शामिल कराने की घोषणा की है, जिससे नई पीढ़ी उनके योगदान से परिचित हो सकेगी।

बैठक में शौर्य यात्रा कार्यक्रम की समीक्षा की गई तथा समाज के संगठनात्मक विस्तार और सामाजिक उत्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

इस अवसर पर समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष कोशीन नरवरिया, महिला प्रदेश अध्यक्ष कमलेश वर्मा, महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष कीर्ति पटेल, युवा प्रदेश अध्यक्ष सरबजीत सिंह, महामंत्री आचार्य राजेंद्र सिंह, सत्येंद्र ठाकुर, देवेंद्र नरवरिया, रघुवीर सिंह, हरि सिंह वर्मा, मंजू लोधी, हरेंद्र लोधी, संदीप लोधी सहित प्रदेशभर से आए पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिलीप सिंह लोधी ने किया।

Next Post

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने सिंगोली के सोलर प्रोजेक्ट का किया निरीक्षण

Fri Jun 5 , 2026
नीमच। प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने शु्क्रवार को नीमच जिले की सिंगोली तहसील के ग्राम बड़ी एवं कवई में टाटा सोलर एनर्जी समूह द्वारा निर्माणाधीन सोलर प्रोजेक्ट का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस अवसर पर जावद क्षेत्र के विधायक […]

You May Like