
नीमच। प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने शु्क्रवार को नीमच जिले की सिंगोली तहसील के ग्राम बड़ी एवं कवई में टाटा सोलर एनर्जी समूह द्वारा निर्माणाधीन सोलर प्रोजेक्ट का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस अवसर पर जावद क्षेत्र के विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा विशेष रूप से उपस्थित थे।
500 मेगावाट से अधिक की सौर ऊर्जा परियोजना: इस अवसर पर सौलर प्रोजेक्ट के निरीक्षण उपरांत आयोजित एक सादे समारोह को संबांधित करते हुए ऊर्जा मंत्री श्री शुक्ला ने कहा, कि इस परियोजना के तहत टाटा पॉवर द्वारा 330 मेगावाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट स्थापित कर दिया गया है तथा वर्तमान में कार्यशील है। साथ ही वारी एनर्जी द्वारा 170 मेगावाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट का कार्य 95 प्रतिशत पूर्ण हो गया है। उन्होने निर्माण एजेंसी को शेष कार्य को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम को विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने भी संबोधित किया। प्रांरभ में टाटा सौलर कंपनी के अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
हरित ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनेगा मध्यप्रदेश:निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री शुक्ला ने कहा कि ‘प्रदेश सरकार का लक्ष्य हरित ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देकर मध्यप्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। नीमच जिले में स्थापित हो रहे ये वृहद सौर ऊर्जा संयंत्र इस दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।’ उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
मंत्री श्री शुक्ला ने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार सौर ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित कर रही है ताकि राज्य को ‘ग्रीन एनर्जी स्टेट’ के रूप में स्थापित किया जा सके।
पौधारोपण – नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला एवं विधायक जावद श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने विश्व पर्यावरण दिवस पर सौलर प्रोजेक्ट परिसर में एक पेड मॉ के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधिगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
