इंदौर में मनाया जा रहा पीएम आवास माह, 251 परिवारों ने पाया अपने घर का सपना

इंदौर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अगस्त माह को “पीएम आवास माह” के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को ताप्ती परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक मधु वर्मा ने लाभार्थियों का गृह प्रवेश कराया और उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए। इस मौके पर अपर आयुक्त नरेन्द्र नाथ पांडे, पार्षद अभिषेक शर्मा बबलू, पार्षद कंचन गिदवानी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासी उपस्थित रहे।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों की चिंता करते हुए उन्हें आवास, गैस कनेक्शन और सुविधाएं उपलब्ध कराईं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुरूप अब तक इंदौर में 18,606 फ्लैट तैयार हो चुके हैं, जिनमें से 14,506 का कब्जा दिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि शहर की 29 स्लम बस्तियों के रहवासियों को भी आशियाना उपलब्ध कराया गया है।

महापौर ने आगे कहा, इस परिसर में अलग से स्कूल और छोटी दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही बस सुविधा भी शुरू की जाएगी ताकि शहर से बेहतर जुड़ाव हो सके। आने वाले समय में और भी सौगातें दी जाएंगी। इसी माह में 671 रजिस्ट्री कराई गई हैं और आज 251 लाभार्थियों को मकानों का कब्जा सौंपा गया है।”

विधायक मधु वर्मा ने कहा कि आज जब शहर में जमीन और मकानों की कीमतें आसमान छू रही हैं, ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा अनुरूप गरीब और निम्न मध्यम वर्ग के लोगों को किफायती दाम पर सर्वसुविधायुक्त आवास मिलना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने लाभार्थियों को बधाई दी और कहा कि यह उनके जीवन का यादगार क्षण है।

Next Post

कल पटना में होगी रेलवे समिति की बैठक, सिंगरौली विधायक रखेंगे ट्रेनों के विस्तार का प्रस्ताव

Wed Aug 27 , 2025
सिंगरौली। पूर्व मध्य रेल क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक कल गुरुवार 28 अगस्त को पटना में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह बतौर सदस्य शामिल होंगे और सिंगरौली क्षेत्र की रेल सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखेंगे। विधायक शाह ने बताया […]

You May Like