नयी दिल्ली 06 अप्रैल (वार्ता) भारतीय महिला टेनिस टीम मंगलवार को यहां बिली जीन किंग कप 2026 एशिया-ओशिनिया ग्रुप वन का अपना अभियान शुरू करेगी। टीम का लक्ष्य चोटों की दिक्कतों के बावजूद प्लेऑफ में जगह बनाना है।
कल से शुरु हो बीजेके कप 2026 एशिया-ओशिनिया ग्रुप वन के मैच दिल्ली लॉन टेनिस एसोसिएशन (डीएलटीए) स्टेडियम के हार्ड कोर्ट पर खेले जाएंगे। बिली जीन किंग कप 2026 के एशिया-ओशिनिया ग्रुप वन में मेजबान भारत, इंडोनेशिया, रिपब्लिक ऑफ़ कोरिया, मंगोलिया, न्यूजीलैंड और थाईलैंड शामिल है।
दुनिया में 28वें नंबर पर मौजूद भारत मंगलवार को दुनिया की 32वें नंबर की टीम थाईलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा।
हालांकि, भारत की तैयारियों को चोटों की वजह से झटका लगा है। उभरती हुई युवा खिलाड़ी श्रीवल्ली भामिदीपाटी ने पीठ में खिंचाव (बैक स्पैज़्म) के कारण टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है, जबकि वैदेही चौधरी ट्रेनिंग के दौरान टखने में चोट लगने के कारण बाहर हो गईं। उनकी जगह जील देसाई को टीम में शामिल किया गया है।
