
रीवा। सिद्धांतों की राजनीति के सशक्त हस्ताक्षर और पूर्व सांसद स्व. सुंदरलाल तिवारी की पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को उनके अमहिया स्थित निवास पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई.
इस अवसर पर उनके सुपुत्र एवं भाजपा विधायक सिद्धार्थ तिवारी ‘राज’ ने अपने समर्थकों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ पूज्य पिताजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें सादर नमन किया. अमहिया आवास पर दिन भर स्व सुंदर लाल तिवारी के समर्थकों का तांता लगा रहा. विंध्य की माटी और यहाँ के जन-मानस के लिए स्व. सुंदरलाल तिवारी का अटूट प्रेम और उनके जन-सरोकारों से जुड़ी राजनीति की स्मृतियाँ आज एक बार फिर ताज़ा हो गईं. उपस्थित लोगों ने उनके संघर्षमय और सरल जीवन को याद करते हुए उन्हें विंध्य का सच्चा लोकसेवक बताया.
जनसेवा ही मेरी सच्ची श्रद्धांजलि: सिद्धार्थ
विधायक सिद्धार्थ तिवारी ने अपने पिता के आदर्शों को याद करते हुए कहा ‘पूज्य पिताजी का जीवन सिद्धांतों और लोकसेवा के प्रति अटूट निष्ठा की एक खुली किताब रहा है. उन्होंने सदैव समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान का संकल्प लिया और उसी पथ पर चलते हुए अपना संपूर्ण जीवन विंध्य एवं रीवा की जनता को समर्पित कर दिया. आज उनकी स्मृतियाँ और आशीर्वाद ही मेरे भीतर सेवा की उस लौ को प्रज्वलित रखते हैं. उनकी पुण्यतिथि पर मैं यह संकल्प दोहराता हूँ कि उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए क्षेत्र की जनता की सेवा करना और उनके संकल्पों को पूर्ण करना ही मेरे जीवन का मुख्य ध्येय है. यही उनके प्रति मेरी सच्ची श्रद्धांजलि होगी. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर अपने प्रिय नेता को याद किया.
