
बैतूल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल एवं आरडी पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती रितु खण्डेलवाल की पुत्री सुरभि खण्डेलवाल(34) का बुधवार को हृदय गति रूकने से निधन हो गया। वे कुछ समय से अस्वस्थ्य चल रही थी। सुरभि के निधन का समाचार मिलते ही शोक संवेदनाएं व्यक्त करने वालों का श्री खण्डेलवाल के निवास पर तांता लगना प्रारंभ हो गया था। अंतिम यात्रा उनके सिविल लाइन्स स्थित निज निवास चंद्रमौली से निकाली गई। अंतिम संस्कार कोठीबाजार स्थित मोक्षधाम में किया गया। मुखाग्रि सुरभि के भाई वरद खण्डेलवाल ने दी। बेटी के निधन की खबर मिलते ही हेमंत खंडेलवाल भोपाल से बैतूल पहुंचे। उनके बैतूल पहुंचने पर अंतिम यात्रा मोक्षधाम के लिए निकली। कोठी बाजार मोक्षधाम में अंतिम संस्कार किया गया।इधर,आचार्य विवेक जैन ने बताया कि वे सुरभि खंडेलवाल को काफी समय से एक्यूपंक्चर और नेचुरोपैथी दे रहे थे। सुरभि के शरीर में लगातार अकडऩ रहती थी, जिसका इलाज नेचुरोपैथी और एक्यूप्रेशर से किया गया। इलाज के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ था। वे चलने-फिरने लगी थीं। उन्होंने बताया कि सुरभि का काफी समय से इलाज चल रहा था। वे बोल नहीं पाती थीं, लेकिन हाव-भाव से काफी समझदार और होश थीं। आज फिर से उनकी एक्यूप्रेशर थेरेपी हुई। इलाज के बाद वे हंसीं और वहां मौजूद लोगों से इशारों में बातचीत की। थोड़ी देर बाद खाना खाया, फिर अचानक हार्ट अटैक आ गया जिससे उनका निधन हो गया। सुरभि खण्डेलवाल के निधन पर जिले के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, राजनेताओं, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, चिकित्सकों, सामाजिक बंधुओं, ईष्टमित्रों, शुभचिंतकों ने शोक व्यक्त किया है।
