भोपाल। भोपाल उत्सव मेला समिति और रोटरी क्लब भोपाल हिल्स के संयुक्त तत्वावधान में मानस भवन में दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग वितरण एवं प्रत्यारोपण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 90 दिव्यांगजनों को उनके नाप के अनुसार हाथ-पैर लगाए गए। कृत्रिम अंग लगने के बाद दिव्यांगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी, वहीं साथ आए परिजनों की आंखें भावुक होकर नम हो गईं।
समिति के महामंत्री एवं शिविर संयोजक सुनील जैनाविन ने बताया कि जनवरी में आयोजित शिविर में दिव्यांगजनों के नाप लिए गए थे, जिसके आधार पर यह कृत्रिम अंग तैयार कर लगाए गए। मुंबई से रत्ननिधि चेरिटेबल ट्रस्ट की विशेषज्ञ टीम ने इस सेवा कार्य को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि समिति पिछले 25 वर्षों से ऐसे शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों की सेवा कर रही है। शिविर में सागर, नरसिंहपुर, होशंगाबाद, सीहोर, इटारसी, विदिशा, बैतूल सहित कई जिलों से बच्चे से लेकर 90 वर्ष तक के दिव्यांगजन पहुंचे। कार्यक्रम में कई सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
