भैरुंदा। बीते दिनों भोपाल में आयोजित इंडिया ओपन शूटिंग में ग्राम सोंठिया की 12 वर्षीय होनहार खिलाड़ी आध्या सिंह भाटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए अपनी बना ली. 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में आध्या ने अपनी एकाग्रता और सटीक निशानेबाजी का लोहा मनवाया. इस कड़े मुकाबले में कुल 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से अधिकांश आध्या से उम्र में काफी बड़े और अनुभवी थे. इसके बावजूद, नन्हीं आध्या ने दबाव को पीछे छोड़ते हुए 337 अंकों का प्रभावशाली स्कोर खड़ा किया. विशेष बात यह रही कि आध्या ने अपने कुल 40 शॉट्स में से लगभग एक-तिहाई शॉट सीधे 10 पॉइंट पर लगाए. आध्या ने महज 10 वर्ष की आयु से अपने बड़े भाई के साथ इस खेल की शुरुआत की थी. वह इस वर्ष देहरादून में आयोजित उत्तराखंड स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में दो सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल जीतकर पहले ही अपनी क्षमता सिद्ध कर चुकी हैं.
