नयी दिल्ली, 16 मार्च (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ‘जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ (जेजीएफपीपीएल) और अन्य के खिलाफ धन शोधन मामले में किशन मोदी को गिरफ्तार किया है। ईडी के भोपाल क्षेत्रीय कार्यालय ने सोमवार को बताया कि आरोपी को भोपाल की एक विशेष पीएमएलए अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने 18 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है। यह मामला भोपाल के हबीबगंज थाना और भोपाल की आर्थिक अपराध शाखा में ‘जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ के निदेशकों और अधिकारियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकियों पर आधारित है।
ईडी अधिकारी ने बताया, “पीएमएलए के तहत जांच से पता चला है कि ‘मिल्क मैजिक’ ब्रांड नाम से डेयरी उत्पाद बनाने वाली कंपनी जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के उत्पादों में दूध का वसा (मिल्क फैट) की जगह ताड़ का तेल (पाम ऑयल) और दूसरे नुकसानदेह रसायन मिलाये गये थे।
इन उत्पादों की न केवल घरेलू बाजार में आपूर्ति की गयी, बल्कि विभिन्न देशों में निर्यात भी किया गया। यहां तक कि निर्यात मंजूरी लेने के लिए इंदौर की निर्यात निरीक्षण एजेंसी के समक्ष प्रतिष्ठित प्रयोगशालाओं की जाली प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट पेश की गयी। सत्यापन में पता चला कि ऐसी कई रिपोर्टें तो जारी ही नहीं की गयी थीं।” जांच में खुलासा हुआ कि गलत तरीके से जुटायी गयी करीब 20.59 करोड़ रुपये की यह राशि मेसर्स जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से एक्सिस बैंक तथा एचडीएफसी बैंक में संचालित बैंक खातों में ली गयी। आगे की जांच जारी है।

