नयी दिल्ली 16 मार्च (वार्ता) देश में रोपण फसलों की पैदावार और रकबे में आगामी वर्षों में अच्छी वृद्धि होने की उम्मीद है। केंद्रीय कृषि मंत्रालय की ओर से यहां जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी है। इसमें कहा गया है कि वर्ष 2023-24 में रोपण फसलों की पैदावार 176.66 लाख टन थी, जिसके 2024-25 के दौरान 169.81 लाख टन रहने का अनुमान है। रोपण फसलों में चाय, कॉफी, रबड़, कोको, सुपारी, काजू, नारियल जैसी फसलों को शामिल किया जाता है।
आगामी वर्ष 2025-26 के लिए सकारात्मक संकेत देते हुए इसमें कहा गया है कि रोपण फसलों का क्षेत्रफल और उत्पादन पिछले वर्ष की तुलना में क्रमशः 1.61 प्रतिशत और 5.82 प्रतिशत बढ़ सकता है। वर्ष 2025-26 के प्रथम अग्रिम अनुमान के अनुसार इन फसलों का क्षेत्रफल लगभग 46.59 लाख हेक्टेयर तथा उत्पादन लगभग 179.68 लाख टन होने की संभावना है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इन आंकड़ों पर खुशी जाहिर करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री
नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तकनीक, सिंचाई, वैल्यू चेन, प्रसंस्करण, भंडारण, कोल्ड चेन और बाजार सुधारों पर सरकार द्वारा किया जा रहा निवेश जमीन पर परिणाम दे रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों से किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी तथा टिकाऊ बनाने की दिशा में मजबूत प्रगति हो रही है।

