सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने किया हाथ साफ, नगदी और जेवरात सहित राशन भी ले उड़े

छतरपुर। जिला मुख्यालय के वार्ड नंबर 17 स्थित बुंदेला बब्बा कॉलोनी में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। फोरलेन के पास किराए के मकान में रहने वाले हरनाम सिंह यादव के सूने घर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने हजारों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब पीड़ित परिवार घर में ताला लगाकर इलाज के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरी इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया।

पीड़ित हरनाम सिंह यादव ने बताया कि वे 13 तारीख की शाम करीब 6 बजे अपनी पत्नी का उपचार कराने के लिए ग्वालियर गए हुए थे। इसी दौरान खाली घर पाकर चोरों ने धावा बोल दिया। जानकारी के मुताबिक, चोरों ने न केवल कीमती सामान बल्कि घर में रखा राशन भी नहीं छोड़ा। घर से 5 किलो चावल, मूंग, अरहर की दाल, रिफाइंड तेल, निरमा, भरा हुआ गैस सिलेंडर, साइकिल, प्रेस और दो चश्मे सहित अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया गया है।

घरेलू सामान के साथ-साथ चोरों ने घर में रखे जेवरात और नगदी पर भी हाथ साफ किया है। बताया गया है कि अलमारी में रखी चांदी की पायल, करीब 10 तोला अठन्नी, मंगलसूत्र, चुन्नी, अंगूठी और लगभग 30 हजार रुपये नकद भी गायब हैं। पीड़ित का आरोप है कि घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सामान बरामदगी की गुहार लगाई है।

Next Post

शहर में नालों के मुहाने तक बन गये बहुमंजिला भवन

Mon Mar 16 , 2026
रीवा। नगर निगम क्षेत्र अन्तर्गत वार्डो में नाले लगातार अतिक्रमण के चपेट में है. नाले के मुहाने तक बहुमंजिला भवन बनकर खड़े हो गये है. नियमो को धता बताकर नाले तक बने भवनो को लेकर नगर निगम भी कार्यवाही करने से पीछे हट रहा है. लिहाजा नाले की भूमि में […]

You May Like