ग्वालियर: शहर के चौराहे-तिराहों पर बने लेफ्ट टर्न गायब हो गए हैं। यदि कहीं नजर भी आते हैं तो स्प्रिंग पोस्ट टूटे या झुके हुए हैं। ऐसे में लेफ्ट टर्न से निकलने वाले वाहनों को ट्रैफिक की वजह से रुकना पड़ रहा है। लेफ्ट टर्न के लिए डामर डालकर उसमें स्प्रिंग पोस्ट फंसाए गए थे। वे अब गतिरोधक जैसे नजर आ रहे हैं। यहां से निकलते वक्त कई बार दो पहिया वाहन दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।
शहर की सड़कों की चौड़ाई लेफ्ट टर्न के लायक पर्याप्त नहीं थी। इसके बाद भी पांच सालों में लेफ्ट टर्न पर काम कर पैसों की बर्बादी कर डाली। 2021 में ग्वालियर स्मार्ट सिटी ने 13 चौराहे-तिराहे को बेहतर करने के साथ लेफ्ट टर्न का काम किया था। इस प्रोजेक्ट पर 1.80 करोड़ रुपए की राशि खर्च हुई थी। 2024 में इन्हीं चौराहे-तिराहे पर लेफ्ट टर्न बनाकर स्प्रिंग पोस्ट लगाए गए। तानसेन रेसीडेंसी तिराहा पर यहां पहले स्मार्ट सिटी ने फिर निगम ने सिटी सेंटर की तरफ जाने-आने वाले मार्ग पर लेफ्ट टर्न बनाया था। डामर में फंसाकर स्प्रिंग पोस्ट लगाए थे।
दोनों ही तरफ के स्प्रिंग पोस्ट टूटे हैं। इसी प्रकार हाईकोर्ट तिराहा पर निगम 3 तरफ लेफ्ट टर्न बनाए थे। सभी के स्प्रिंग पोस्ट टूटे हैं। नदी गेट चौराहा पर गुरुद्वारा से आने वाले वाहन लेफ्ट टर्न ले सकें इसलिए स्प्रिंग पोस्ट लगाए थे। कुलपति बंगला चौराहा पर अलकापुरी से आने वाले ट्रैफिक को आयकर भवन की तरफ मोड़ने के लिए डामर की लेयर डालकर इसमें स्प्रिंग पोस्ट लगाए थे। वे अब नहीं हैं। यहां हुरावली से आने वाले वाहन अलकापुरी मुड़ सकें इसलिए स्प्रिंग पोस्ट लगाए थे वे सभी टूटे पड़े हैं। वहीं थाटीपुर से आने वाले वाहन परशुराम तिराहे से आसानी से गोविंदपुरी जा सकें, इसलिए लेफ्ट टर्न तैयार कर स्प्रिंग पोस्ट लगाए थे। वे अब गायब हो चुके हैं।
