उपचाररत कर्मी की मेडिकल कॉलेज में मौत

सतना: ठेका कंपनी के अंतर्गत विद्युत सुधार करने वाले कर्मी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. सप्ताह भर पहले करेंट की चपेट में आकर गंभीर तौर पर घायल हो जाने के कारण ठेकेदार के लोगों ने उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था. वहीं मौत की जानकारी सामने आने पर भडक़े परिजनों ने हंगामा करने के साथ ही थाने में लिखित शिकायत भी कर दी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र अंतर्गत अजमाइन गांव के निवासी 37 वर्षीय राजकुमार दाहिया बिजली का काम करते थे.

बताया गया कि वे ठेका कंपनी आरबीएनएल के अंतर्गत कार्यरत थे और विद्युत सुधार का कार्य करते थे. इसी कड़ी में सप्ताह भर पहले वे रीवा जिले के सिरमौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पडऱी में विद्युत सुधार का कार्य कर रहे थे. इसी दौरान वे अचानक करेंट की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गए. परिजनों के अनुसार इस घटना के बारे में ठेकेदार द्वारा उन्हें कोई सूचना ही नहीं दी गई. परिजनों को बताए बिना ठेकेदार के लोगों ने करेंट से घायल राजकुमार को रीवा स्थित संजय गांधी मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवा दिया.

लेकिन उपचार के दौरान जब राजकुमार की मृत्यु हो गई तब कहीं जाकर परिजनों को इसकी सूचना मिली. यह सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई. आनन-फानन में वे रोते बिलखते हुए वहां पहुंचे. परिजनों ने यह कहते हुए हंगामा शुरु कर दिया कि राजकुमार के घायल होने की जानकारी ठेकेदार द्वारा उन्हें नहीं दी गई. यहां तक कि पूछने पर भी गुमराह किया जाता रहा. जिसे देखते हुए परिजनों द्वारा ठेका कंपनी की गंभीर लापरवाही के विरुद्ध थाने में लिखित शिकायत कर दी गई. पुलिस द्वारा पीडि़त परिजनों को निष्पक्ष जांच कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है.

Next Post

स्टार प्लस ने जारी किया 'एडवोकेट अंजलि अवस्थी' का नया प्रोमो

Mon Mar 16 , 2026
मुंबई, (वार्ता) स्टार प्लस ने ‘एडवोकेट अंजलि अवस्थी’ का नया प्रोमोरिलीज कर दिया है। स्टार प्लस के शो ‘एडवोकेट अंजलि अवस्थी’ में श्रीतमा मित्रा की मुख्य भूमिका है। इस शो ने अपनी दमदार कहानी और अंजलि के निडर स्वभाव की वजह से एक खास पहचान बना ली है। शो में […]

You May Like

मनोरंजन