
सतना /गणतंत्र दिवस की संध्या पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर लोकतंत्र के लोक उत्सव ’’भारत पर्व’’ का आयोजन भी किया जायेगा। इस अवसर पर स्वराज संस्थान संचालनालय संस्कृति विभाग द्वारा चयनित लोक कलाकारों द्वारा भारत पर्व में लोक गायन और देशभक्ति लोक नृत्यों की प्रस्तुतियां दी जायेगी। इसी अवसर पर जिला मुख्यालय में हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान कार्यक्रम के अंतर्गत भारत के संविधान तथा हमारे संविधान निर्माताओं के विषय में जानकारी के लिए स्वराज संस्थान द्वारा चित्र प्रदर्शनी का प्रदर्शन भी किया जायेगा। सतना जिले में भारत पर्व में सुश्री विभा सिंह एवं साथी लोक कलाकारों द्वारा लोक गायन तथा सुश्री भैरवी विश्वरूप जबलपुर एवं साथी कलाकारों द्वारा देशभक्ति पूर्ण लोक नृत्य प्रस्तुत किये जायेंगे। सतना जिले में भारत पर्व का आयोजन टाउनहाल सतना और मैहर जिले में सरस्वती स्कूल के सभागार मैहर में किया जायेगा। सतना और मैहर में कार्यक्रम आयोजन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिये गये हैं।
