
इंदौर. किराये पर कार लेने के नाम पर सुनियोजित तरीके से वाहनों की हेराफेरी कर करोड़ों की ठगी करने वाले शातिर आरोपी का बड़ा खुलासा अन्नपूर्णा पुलिस ने किया है. अब तक आरोपी द्वारा ठगी में इस्तेमाल की गई 38 कारें जब्त की जा चुकी हैं, जिनकी कीमत पांच करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी जा रही है. जांच में सामने आया है कि आरोपी ने दर्जनों वाहन मालिकों को झांसे में लेकर महंगी गाड़ियां किराये पर लीं और उन्हें गिरवी या आगे किराये पर देकर मोटी रकम हड़प ली.
थाना प्रभारी अजय नायर ने बताया कि सुदामा नगर में रहने वाले आरोपी संजय करिरा उर्फ कालरा पिता अशोक कालरा के खिलाफ अब तक चार धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज हो चुके हैं, वहीं उसके खिलाफ जूनी इंदौर, द्वारकापुरी, राजेंद्र नगर, नीलगंगा उज्जैन सहित अन्य थानों में पहले से नौ मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है. जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अब तक कम से कम 38 वाहनों की हेराफेरी कर चुका है. इनमें ऑडी, इनोवा क्रिस्टा, थार, स्कॉर्पियो एन, फ्रोंक्स जैसी महंगी गाड़ियां शामिल हैं. मामले में अन्नपूर्णा में प्रकरण दर्ज होने के बाद करीब 40 अन्य पीड़ितों ने भी आवेदन देकर अपनी कारें आरोपी को किराये पर देने और धोखाधड़ी की शिकायत की है. पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है और आशंका है कि हेराफेरी किए गए वाहनों की संख्या अभी और बढ़ सकती है.
