
जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देशन में चल रहे जिले में 14 से 15 वर्ष की आयु की बालिकाओं के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक लगभग 2000 किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है। इस अभियान का उद्देश्य एचपीवी टीकाकरण के महत्व के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीका ही एकमात्र सुरक्षित विकल्प है। जिले में 34 स्वास्थ्य संस्थाओं में टीकाकरण जारी है। अभिभावक अपनी बालिकाओं का पंजीकरण यूविन पोर्टल के माध्यम से कर सकते हैं। टीकाकरण समय प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक है। प्रमुख केंद्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरगी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरेला, सिविल हॉस्पिटल-पाटन, रानी दुर्गावती चिकित्सा एवं जिला चिकित्सालय विक्टोरिया शामिल हैं। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनोद गुप्ता ने बताया कि अभियान के माध्यम से किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
