छतरपुर: रसोई गैस (एलपीजी) की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था शुरू की है। प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया के निर्देश पर जिला मुख्यालय सहित सभी विकासखंडों में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।प्रशासन के अनुसार इस पहल का उद्देश्य घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकना,उपभोक्ताओं को समय पर गैस रिफिल उपलब्ध कराना और किसी भी संभावित अफरा-तफरी की स्थिति को पहले ही नियंत्रित करना है।
जिला स्तर पर जिला आपूर्ति अधिकारी सीताराम कोठरी को कंट्रोल रूम का प्रभारी बनाया गया है। वहीं विकासखंड स्तर पर विभिन्न कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो गैस उपभोक्ताओं की शिकायतें प्राप्त कर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार घरेलू गैस उपभोक्ताओं को समय पर रिफिल उपलब्ध कराने में सहयोग करें और गैस उपलब्धता से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल समाधान कर वरिष्ठ अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया जाएगा।
