गोविंद नगर। कृषि-खाद्य प्रणालियों में महिलाओं की भूमिका पर आयोजित वैश्विक सम्मेलन में भाऊसाहब भुस्कुटे स्मृति लोक न्यास के कृषि विज्ञान केंद्र, गोविंदनगर (जिला नर्मदापुरम) ने भी भागीदारी दर्ज कराई। सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि कृषि क्षेत्र में महिलाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्हें केवल खेतों तक सीमित न रखकर नीति निर्माण, निर्णय प्रक्रिया और नेतृत्व के अवसर भी दिए जाने चाहिए, जिससे कृषि-खाद्य प्रणाली अधिक समावेशी और टिकाऊ बन सके।
सम्मेलन में कृषि विज्ञान केंद्र की पोषण एवं आहार विशेषज्ञ डॉ. आकांक्षा पाण्डेय ने ग्रामीण महिलाओं की पोषण सुरक्षा, कृषि आधारित उद्यमिता और प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर अपने विचार रखे। वहीं केंद्र से प्रशिक्षित मशरूम उत्पादक मीता ठाकुर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन से ग्रामीण महिलाएं भी सफल उद्यमी बन सकती हैं। कार्यक्रम में विभिन्न देशों के विशेषज्ञों ने भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विचार साझा किए।
