जबलपुर: मध्यप्रदेश शासन द्वारा ई-पंजीयन प्रक्रिया को आधुनिक, पारदर्शी और नागरिकों के अनुकूल बनाने के लिए ‘सम्पदा 2.0’ सॉफ्टवेयर लागू किया गया है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि इसके तहत अब जिले में “फेसलेस रजिस्ट्री” की सुविधा शुरू की गई है, जिससे आम नागरिक घर बैठे ही अपने दस्तावेजों का पंजीयन करा सकेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि विभागों द्वारा किए जाने वाले लीज डीड, सेल डीड सहित अन्य दस्तावेजों का पंजीयन अब अनिवार्य रूप से फेसलेस प्रक्रिया से कराया जाए।
इस व्यवस्था से लोगों को रजिस्ट्री कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी और समय की भी बचत होगी। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि विभागीय दस्तावेजों में इस नई प्रणाली का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी बताया कि यह परियोजना पूरे देश में फिलहाल केवल मध्यप्रदेश में लागू है और इसे सफल बनाने में जबलपुर को अग्रणी बनाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
